Bharat Coking Coal share price: सरकारी कोयला कंपनी Bharat Coking Coal Limited (BCCL) की शेयर बाजार में आज 19 जनवरी 2026 को एंट्री हो गई है। कंपनी के शेयर ने निवेशकों को लिस्टिंग के साथ ही तगड़ा मुनाफा दिया, लेकिन यह तेजी ज्यादा देर तक टिक नहीं पाई। ऊपरी स्तरों पर भारी मुनाफावसूली के चलते शेयर पर दबाव देखने को मिला। बाजार खुलते ही जिन निवेशको ने पैसा लगाया था, अब वे असमंजस में हैं कि इसे होल्ड करें या बेच दें।
लिस्टिंग पर पैसा डबल, फिर आया यू-टर्न
NSE पर Bharat Coking Coal का शेयर 45 रुपये पर लिस्ट हुआ। आईपीओ का प्राइस 23 रुपये था, यानी निवेशकों को सीधा 95.65 फीसदी का तगड़ा प्रीमियम मिला। BSE पर भी शेयर ने 45.21 रुपये पर शुरुआत की, लेकिन यह तेजी ज्यादा देर तक टिक नहीं पाई।
लिस्टिंग के तुरंत बाद शेयर में बिकवाली का दबाव आ गया। दिन के कारोबार के दौरान यह टूटकर 40.17 रुपये के निचले स्तर पर पहुंच गया। सुबह 10:20 बजे तक शेयर लिस्टिंग प्राइस से करीब 8 फीसदी गिरकर 41.62 रुपये पर ट्रेड कर रहा था। इस भारी उठापटक ने उन निवेशकों को चिंता में डाल दिया है जिन्होंने लिस्टिंग गेन के लिए पैसा लगाया था।
मुनाफे में भारी गिरावट बनी चिंता
मार्केट एक्सपर्ट्स ने कंपनी के वैल्युएशन और गिरते मुनाफे को लेकर निवेशकों को आगाह किया है। Equinomics Research के जी चोक्कालिंगम ने बताया कि वित्त वर्ष 2026 की पहली छमाही H1FY26 में कंपनी का नेट प्रॉफिट 83 फीसदी गिरकर महज 123.88 करोड़ रुपये रह गया है। पिछले साल इसी अवधि में यह 748.70 करोड़ रुपये था।
चोक्कालिंगम का मानना है कि गिरते मुनाफे के कारण मौजूदा वैल्युएशन काफी महंगा हो गया है। उन्होंने छोटी अवधि के निवेशकों को इस स्तर पर निकल जाने और प्रॉफिट बुक करने की सलाह दी है, क्योंकि फंडामेंटल्स अभी बहुत आकर्षक नहीं दिख रहे हैं।
क्या करें निवेशक: Buy, Sell या Hold?
Swastika Investmart की शिवानी न्याती ने सलाह दी है कि जिन निवेशकों को लिस्टिंग पर अच्छा मुनाफा मिल रहा है, उन्हें लालच किए बिना प्रॉफिट घर ले जाना चाहिए। हालांकि, जो निवेशक लंबी अवधि का जोखिम उठा सकते हैं, वे 35 रुपये का स्टॉपलॉस लगाकर शेयर को होल्ड कर सकते हैं।
Master Capital Services के रवि सिंह के मुताबिक, स्टील इंडस्ट्री में कोकिंग कोल की मांग बनी हुई है, जो कंपनी के लिए पॉजिटिव है। लेकिन उन्होंने भी माना कि 95% की तेजी के बाद मुनाफावसूली आना तय था। मध्यम अवधि में शेयर की चाल अब सेक्टर के सेंटीमेंट पर निर्भर करेगी।
IPO Details
| IPO प्राइस बैंड | ₹21 – ₹23 प्रति शेयर |
| लिस्टिंग प्राइस (NSE) | ₹45 |
| सब्सक्रिप्शन | 9 जनवरी – 13 जनवरी 2026 |
| कुल इश्यू साइज | ₹1,071.11 करोड़ |
| लॉट साइज | 600 शेयर |
सब्सक्रिप्शन के आंकड़े
IPO को निवेशकों का जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला था, यही वजह है कि लिस्टिंग इतनी दमदार रही। यह इश्यू कुल 146.87 गुना सब्सक्राइब हुआ था। इसमें सबसे ज्यादा उत्साह संस्थागत निवेशकों (QIBs) ने दिखाया, जिनका हिस्सा 310 गुना भरा था. रिटेल निवेशकों ने भी अपने कोटे को 49 गुना सब्सक्राइब किया था।
डिस्क्लेमर: इस लेख में दी गई जानकारी केवल शिक्षा और सूचना के उद्देश्यों के लिए है। यह किसी भी प्रकार की निवेश सलाह नहीं है। शेयर बाजार जोखिमों के अधीन है। Kuberly.in और इसके लेखक सेबी रजिस्टर्ड वित्तीय सलाहकार नहीं हैं। किसी भी शेयर में निवेश करने से पहले कंपनी के फंडामेंटल्स की खुद जांच करें और अपने प्रमाणित वित्तीय सलाहकार से परामर्श अवश्य लें। किसी भी लाभ या हानि के लिए लेखक या वेबसाइट जिम्मेदार नहीं होंगे।