PhonePe IPO: गुरुवार, 22 जनवरी 2026 को शेयर बाजार और फिनटेक सेक्टर में एक बड़ी खबर निकल के आ रहीहै। देश की सबसे बड़ी UPI ऐप PhonePe ने अपने IPO के लिए नए कागजात (Updated Draft Papers) जमा कर दिए हैं। यह IPO पिछले साल अक्टूबर 2025 में आए Tata Capital के IPO के बाद देश का सबसे बड़ा IPO माना जा रहा है। हालांकि इस आईपीओ में एक पेंच यह है कि कंपनी को इससे कोई नया पैसा नहीं मिलेगा, बल्कि पुराने निवेशक अपनी हिस्सेदारी बेचकर मुनाफा कमाएंगे। कंपनी की कुल वैल्युएशन 15 बिलियन डॉलर यानि करीब 1.25 लाख करोड़ रुपये लगाई जा रही है।
सिर्फ पुराने निवेशक बेचेंगे अपना हिस्सा
PhonePe का यह आईपीओ पूरी तरह से ‘ऑफर फॉर सेल’ होगा। आसान भाषा में कहें तो कंपनी नए शेयर जारी नहीं करेगी, बल्कि पुराने और बड़े निवेशक अपने शेयर बेचकर मुनाफा कमाएंगे। ड्राफ्ट पेपर्स के मुताबिक, Walmart, Tiger Global और Microsoft जैसी बड़ी कंपनियां मिलकर करीब 10,115 करोड़ रुपये के शेयर बेचेंगी।
Walmart की कंपनी ‘WM डिजिटल कॉमर्स’ सबसे ज्यादा शेयर बेचेगी। Walmart के पास अभी PhonePe का करीब 71% हिस्सा है। इसके अलावा Tiger Global करीब 10.39 लाख शेयर और Microsoft Global Finance करीब 36.78 लाख शेयर बेचने वाली है। यह IPO असल में इन बड़े निवेशकों को एग्जिट देने या मुनाफा कमाने का मौका देने के लिए लाया जा रहा है।
सरकारी नियमों से कमाई को लगा बड़ा झटका
IPO से ठीक पहले कंपनी को रिजर्व बैंक-RBI और सरकार के नए नियमों की वजह से बड़ा नुकसान उठाना पड़ा है। PhonePe को अपनी कमाई के दो बड़े सोर्स बंद करने पड़े हैं। पहला, कंपनी ने क्रेडिट कार्ड से रेंट पेमेंट की सर्विस बंद कर दी है। दूसरा, अगस्त 2025 में आए नए कानून के बाद रियल मनी गेमिंग (RMG) यानी ऑनलाइन गेमिंग से जुड़े विज्ञापन और पेमेंट सर्विस भी रोक दी गई है।
इन दोनों फैसलों का कंपनी की कमाई पर भारी असर पड़ा है। डेटा देखें तो इन दोनों सर्विस से कंपनी को साल भर में करीब 1,500 करोड़ रुपये की कमाई होती थी, जो अब पूरी तरह जीरो हो गई है। रेंट पेमेंट से होने वाली कमाई पिछले साल 1,262 करोड़ रुपये थी। अब यह रेवेन्यू पूरी तरह खत्म हो चुका है, जो IPO से पहले निवेशकों के लिए चिंता की बात हो सकती है। हालांकि, अच्छी बात यह है कि कोर UPI बिजनेस में कंपनी अब भी नंबर 1 है और मार्केट में उसकी पकड़ मजबूत है।
फाउंडर्स ने पहले ही कमा लिए ₹3,900 करोड़
फाइनेंशियल हालत की बात करें तो PhonePe अभी भी घाटे में है। 30 सितंबर 2025 को खत्म हुई तिमाही में कंपनी को 1,444 करोड़ रुपये का नेट लॉस हुआ है। हालांकि, रेवेन्यू 22% बढ़कर 3,919 करोड़ रुपये हो गया है। एक और हैरान करने वाली बात यह है कि आईपीओ आने से पहले ही कंपनी के फाउंडर्स—समीर निगम और राहुल चारी ने अपनी हिस्सेदारी का बड़ा हिस्सा बेचकर पैसा बना लिया है। सितंबर 2025 में इन दोनों ने अपने शेयर General Atlantic सिंगापुर PPIL को बेचकर करीब 3,937 करोड़ रुपये कमाए थे। यानी फाउंडर्स ने आईपीओ का इंतजार किए बिना ही अपना प्रॉफिट सिक्योर कर लिया है।
डिस्क्लेमर: इस लेख में दी गई जानकारी केवल शिक्षा और सूचना के उद्देश्यों के लिए है। यह किसी भी प्रकार की निवेश सलाह नहीं है। शेयर बाजार जोखिमों के अधीन है। Kuberly.in और इसके लेखक सेबी रजिस्टर्ड वित्तीय सलाहकार नहीं हैं। किसी भी शेयर में निवेश करने से पहले कंपनी के फंडामेंटल्स की खुद जांच करें और अपने प्रमाणित वित्तीय सलाहकार से परामर्श अवश्य लें। किसी भी लाभ या हानि के लिए लेखक या वेबसाइट जिम्मेदार नहीं होंगे।